संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले के जवाहर नगर कैंप मार्केट में मंगलवार रात बदमाशों ने एक मोबाइल दुकानदार पर हमला कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। कृष्णा कम्युनिकेशन नामक दुकान पर आधा दर्जन के करीब बदमाशों ने दुकानदार के साथ मारपीट की और दुकान से नकदी व महंगे आईफोन लूटकर फरार हो गए। मामले में कैंप थाना पुलिस ने एक नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेलकलां मोहल्ला निवासी दुकानदार हिमांशु ग्रोवर उर्फ नोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 दिसंबर की शाम करीब आठ बजे वह अपनी दुकान पर मौजूद ग्राहकों से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान रहराना गांव निवासी जसवंत उर्फ हड्डी अपने चार-पांच साथियों के साथ दुकान में घुस आया। आरोप है कि बिना किसी पूर्व विवाद के आरोपियों ने अचानक हिमांशु के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में दुकानदार को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसका मेडिकल कराया गया। सूचना मिलते ही कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।