महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस कर रही मामले की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-51 स्थित महिला थाना में दी शिकायत में एक युवती ने युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने व शोषण करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ तीन जुलाई को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
गुरुग्राम के एक गांव की रहने वाली युवती ने महिला थाने में दी शिकायत में आरोप लगाया है कि युवक देवेंद्र ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और शादी करने का झूठा वादा किया। शादी की बात कहकर आरोपी युवक ने इसी साल 3 अप्रैल से 12 अप्रैल तक बीच गुरुग्राम के ही एक क्षेत्र में पीड़िता की मर्जी के बिना उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने शादी करने से मना कर दिया। पुलिस ने पीड़ित युवती का मेडिकल कराकर व अदालत में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सेक्टर-51 स्थित महिला थाने की पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार करके बयान दर्ज किए जाएंगे और आगामी कार्रवाई की जाएगी।