नगर पालिका ने पट्टे पर छोड़ी 16 एकड़ कृषि भूमि
: जमीन पर अवैध कब्जा, मुक्त कराकर पट्टा धारकों को सौंपेगी नगर पालिका।
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। नगरपालिका क्षेत्र में लंबे समय से शहर के इर्द-गिर्द पड़ी कृषि योग्य भूमि को शुक्रवार के दिन ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार दिवेक यादव की उपस्थिति में पट्टे पर छोड़ दिया। नगर पालिका द्वारा फिलहाल 16 एकड़ कृषि भूमि को पट्टे पर छोड़ा गया है। इससे नगर पालिका को दो लाख 85 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। यह पट्टा केवल एक वर्ष के लिए मान्य होगा।
नगर पालिका के चेयरमैन मनीष जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में बोली दाताओं ने भाग लिया। खुली बोली में ज्यादा दाम लगाने वाले बोली दाताओं को अलग-अलग जमीनों का एक साल के लिए पट्टा दिया गया है। पट्टा छोड़े जाने से पहले बोली दाताओं को मौके पर विभिन्न शर्तें सुनाई गईं थी। जिसमें मुख्य शर्त जमीन के नेचर को तबदील नहीं करना था। यानी इस भूमि पर केवल कृषि का ही कार्य किया जा सकता है। पट्टा बीच में रद करने का अधिकार नगर पालिका ने अपने पास रखा है। जिस भूमि को नगर पालिका ने पट्टे पर छोड़ा है यह भूमि तिजारा रोड, ठेकडी, स्टेडियम के पास और गयासनियाबास व दूध की घाटी से सटी हुई है। इस भूमि का कुल रकबा 16 एकड़ से अधिक है।
जमीन पर अवैध कब्जा हटाकर पट्टा धारकों को सौंपेगी नपा :
जिस भूमि का नगर पालिका ने पट्टा छोड़ा है इस पर अवैध कब्जे हैं। नगर पालिका के सचिव राजेश मेहता ने बताया कि जल्द ही नगर पालिका द्वारा पुलिसबल की सहायता से कब्जा मुक्त कराकर उसे पट्टाधारकों को सौंपा जाएगा। इस मौके पर पार्षद अशोक गुर्जर, पार्षद महेन्द्र कौशिक, पार्षद हसन मोहम्मद, पार्षद इलियास, पार्षद सुभाष सैनी, यशपाल भटेजा, पूर्व पार्षद खुर्शीद अहमद, सरपंच नूरशाह, हसन ठेकेदार, एडवोकेट आसिफ खान, नीरज मेहता, दीनदयाल सैनी, बीआई सरफराज खान सहित कई लोग उपस्थित रहे।