गुरुग्राम/फरीदाबाद। जिले के राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूलों में सत्र 2026-27 में अधिक आवेदन आने पर विद्यार्थियों का चयन ड्रा प्रणाली के जरिए किया जाएगा। शिक्षा विभाग के अनुसार 1 से 15 अप्रैल तक आवेदन प्रक्रिया जारी रहेगी। 16 अप्रैल को ड्रा निकाला जाएगा और 17 अप्रैल को चयनित विद्यार्थियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि पूरी प्रक्रिया स्कूल प्रबंधन समिति की निगरानी में होगी। हर स्कूल में कक्षा-वार सीटें पहले से निर्धारित हैं, जिनमें 25 प्रतिशत सीटें अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए आरक्षित हैं। चयनित छात्र समय पर प्रवेश नहीं लेते हैं तो वेटिंग सूची के विद्यार्थियों को मौका दिया जाएगा।
विभाग ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि प्रवेश के दौरान आधारभूत सुविधाओं और शिक्षक-छात्र अनुपात का विशेष ध्यान रखा जाए। कक्षाओं में विद्यार्थियों की संख्या सीबीएसई और एचबीएसई के मानकों के अनुसार ही रखी जाएगी, ताकि पढ़ाई की गुणवत्ता बनी रहे। संवाद