गुरुग्राम। अंडरपास के लिए सरहोल बॉर्डर पर खोदे गए 20 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से हुई बाइक सवार संजीव सेठ (31) की मौत मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं। परियोजना निदेशक शशि भूषण ने बताया कि मामले की जांच रिपोर्ट तैयार करने के उपरांत ही ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर बाइक सवार इस गड्ढे तक किस तरह से पहुंचा।
गौरतलब है कि 4 जनवरी को बाइक से दिल्ली जा रहे संजीव सेठ गड्ढे में जा गिरे थे। मजदूरों ने जब यह घटनाक्रम देखा तो उन्होंने ठेकेदार को इसकी सूचना देते हुए घायल को मेदांता अस्पताल पहुंचाया था। यहां इलाज के दौरान शुक्रवार रात को संजीव ने दम तोड़ दिया था। सूचना मिलते ही उद्योग विहार थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया था।
वहीं, उद्योग विहार थाना पुलिस का कहना है कि मौके पर जाकर तथ्य जुटाए जा रहे हैं। एनएचएआई कार्यालय समेत नगर निगम दिल्ली टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। जांच में तथ्य सामने आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।