वारदात में प्रयोग की गई थार भी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शराब के नशे में चूर थार चालक को अपने ही दोस्तों की कैब को बार-बार टक्कर मारने के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली के भरथल निवासी मनजीत रावत के रूप में हुई है और पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई थार को भी जब्त कर लिया है। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हुई थी।
महेंद्रगढ़ के सागरपुर निवासी राहुल कुमार ने पुलिस को बताया कि वह टैक्सी चलाने का काम करता है। शुक्रवार शाम करीब आठ बजे उन्होंने सती चौक के पास से एक सवारी को गाड़ी में बैठाया था। उसी समय दिल्ली नंबर की थार ने गाड़ी में टक्कर मार दी। पुलिस को दी शिकायत में बताया सती चौक के पास अचानक से थार चालक ने लापरवाही से उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह थार से अपने गांव के अन्य साथियों के साथ सोहना जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने शराब का सेवन किया। शराब ज्यादा होने पर दोस्तों के साथ कहासुनी हो गई थी। कहासुनी के बाद आपस में मारपीट हो गई। दोस्तों ने अलग से जाने के लिए कैब बुक कर ली। जब दोस्त कैब में बैठकर जाने लगे तो उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में कैब क्षतिग्रस्त हो गई थी।