-छज्जूनगर गांव में घर के बाहर संगीत बजाने के विवाद में दिया था वारदात को अंजाम
-आरोपी पर पुलिस महानिरीक्षक ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। छज्जूनगर गांव में घर के बाहर संगीत बजाने को लेकर हुए विवाद में महिला की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को तीन साल बाद गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी अतुल पर पुलिस महानिरीक्षक की ओर से पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि मामले में छज्जूनगर निवासी जितेंद्र ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार 13 दिसंबर 2023 की रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने परिवार, बहनों और रिश्तेदारों के साथ घर के बाहर तीज के गीतों पर नाच-गा रहे थे। इसी दौरान गांव का रहने वाला चंद्रपाल वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। जब परिवार ने उसे समझाने का प्रयास किया तो पहले से घात लगाए बैठे उसके परिजनों ने हथियारों के साथ घर पर हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार केसरपाल, मुकेश, पृथ्वी और मोनू बंदूक और पिस्टल लेकर आए थे, जबकि नेत्रपाल, मोंटू, दीपक, नरेश, जलदेव, सत्यप्रकाश उर्फ सत्तू, मनीष, अतुल, जीतू, जगत और राजबीर लोहे की रॉड, सरिया, हथौड़ा और कुल्हाड़ी जैसे हथियारों से लैस थे। आरोपियों ने घर में घुसते ही हमला शुरू कर दिया। इसी दौरान आरोपियों ने जितेंद्र की बहन सिमरन पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। वारदात के बाद से नेत्रपाल और अतुल लगातार फरार चल रहे थे। दोनों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ पलवल ने तीन दिन पहले नेत्रपाल को गिरफ्तार किया था, जबकि अब क्राइम ब्रांच पलवल की टीम ने अतुल को भी गिरफ्तार कर लिया है।