आरोपी ने साइबर ठगों को मुहैया कराया था बैंक खाता
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बिटकॉइन/यूएसडीटी ग्लोबल ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में 4.72 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गुरुग्राम की साइबर क्राइम यूनिट ने बुधवार को यह गिरफ्तारी की। आरोपी पर ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध कराने का आरोप है।
शिकायतकर्ता ने 15 जनवरी 2026 को पुलिस को बताया था। उसे टेलीग्राम और वॉट्सएप के माध्यम से संपर्क किया गया। उसे बिटकॉइन/यूएसडीटी ग्लोबल ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में निवेश का झांसा दिया गया। शुरुआत में लाभ दिखाकर उसका विश्वास जीता गया। इसके बाद उससे विभिन्न बैंक खातों में कुल 4,72,14,181 रुपये जमा करवाए गए। राशि निकालने के प्रयास पर ऑनलाइन ग्राहक सेवा ने निकासी रोक दी। ट्रेडिंग खाते को सामान्य करने के नाम पर उससे 1,25,00,000 रुपये अतिरिक्त जमा करने की मांग की गई। इस शिकायत पर साइबर क्राइम थाना साउथ में प्राथमिकी दर्ज की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश तुलसीदास नागराले के रूप में हुई है। वह नागपुर, महाराष्ट्र का निवासी है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि ठगी गई राशि में से पांच लाख रुपये एक फर्म के बैंक खाते में आए थे। नागराले ने यह बैंक खाता कमीशन पर एक अन्य व्यक्ति को उपलब्ध कराया था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।