जालसाज युवती ने पीड़ित युवक से फेसबुक पर की थी दोस्ती
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जालसाजों ने गोल्ड ट्रेडिंग के नाम पर एक युवक से 38.87 लाख रुपये की ठगी की है। जालसाज युवती ने पीड़ित युवक से फेसबुक पर दोस्ती की और झांसे में लेकर मुनाफे का लालच देकर उससे निवेश कराया था। पीड़ित युवक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर अपराध थाना मानेसर में मामला दर्ज कर लिया है।
मानेसर के नाहरपुर गांव निवासी नितिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने हाल ही में एमबीए की है। 10 मई को उसकी फेसबुक आईडी पर दीक्षा रावत नाम की युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। नितिन ने फ्रेंड रिक्वेस्ट को एक्सेप्ट कर लिया। इसके बाद उसकी दीक्षा रावत से बातचीत होने लगी। दीक्षा रावत ने नितिन को बताया कि वह मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली है और इवेंट मैनेजमेंट का काम करती है। दीक्षा रावत व नितिन की दोस्ती हो गई और दोनों आपस में फेसबुक व व्हॉट्सएप पर बात करने लगे। दीक्षा रावत ने नितिन को बताया कि वह पिछले चार साल से कनाडा की कंपनी रश ग्लोबल कैपिटल व बैरिक गोल्ड कैपिटल में गोल्ड की ट्रेडिंग कर रही है। अब तक वह करीब चार से पांच करोड़ रुपये वहां से कमा चुकी है। दीक्षा ने अपने कार्यालय का नंबर भी दिया और नितिन से भी रुपये कमाने के लिए गोल्ड ट्रेडिंग करने के लिए कहा।
दीक्षा रावत ने उसके पास कमाए गए रुपये के स्क्रीन शॉट भी नितिन को भेजे। वहीं, गोल्ड ट्रेडिंग के लिए वेबसाइट का लिंक भी भेजा। दीक्षा रावत के कहे अनुसार नितिन ने लिंक पर अपना अकाउंट बना लिया और दो माह के दौरान 41 बार में कुल 38.87 लाख रुपये दीक्षा के बताए अकाउंट में भेज दिए। नितिन को बताया गया कि उसे कुल 87.97 लाख रुपये मुनाफा हुआ है। जब रुपये निकालने की बात आई तो नितिन से 20.5 फीसदी टैक्स अलग से देेने के लिए कहा गया। नितिन ने कहा कि वह 17.82 लाख रुपये की राशि तो पहले ही दे चुका है। इसके बाद नितिन से 26.49 लाख रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। नितिन को समझ में आ गया कि गोल्ड ट्रेडिंग के नाम पर उसके साथ ठगी की है। इसके बाद नितिन ने रुपये ट्रांसफर करने से मना कर दिया। जालसाजों ने नितिन को रुपये वापस नहीं दिए और उसे सोशल साइटों पर ब्लॉक कर दिया गया।