अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। डीएलएफ फेस-2 थाना क्षेत्र में एक युवक को मामूली कहासुनी के बाद बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है। युवक एक जन्मदिन की पार्टी में गया था जहां उसकी अन्य युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद दूसरे युवक ने बेसबॉल के बल्ले से उस पर हमला कर बुरी तरह पीट दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जतिन गहलोत निवासी साउथ सिटी फेस-1 सेक्टर-30 ने गत 29 सितंबर की रात को डीएलएफ फेस-2 थाना क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था। जहां क्षितिज शर्मा से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद जब वह पार्टी से वापस आने के लिए कार की तरफ जा रहा था तो अचानक क्षितिज ने कार के पीछे छुपकर बेसबॉल के बल्ले से हमला कर दिया। जब तक वह कुछ समझ पाता तब तक उसके चेहरे व शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए गए। इससे वह बेहोश हो गया। आरोपी क्षितिज वारदात के बाद अपनी कार लेकर फरार हो गया। आस-पास के लोगों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।