मेदांता अस्पताल के सामने हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह मेदांता अस्पताल के सामने गाड़ी की टक्कर लगने से स्कूटी सवार नर्स की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में पहुंचाया। पुलिस ने मृतका के परिवार वालों काे हादसे के बारे में सूचित किया है। परिवार वालों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी नेहा (27 वर्ष) के रूप में हुई है। नेहा मेदांता अस्पताल में नर्स थी। शुक्रवार की सुबह नेहा अपनी स्कूटी पर सवार होकर अस्पताल जा रही थी। जैसे ही वह मेदांता अस्पताल के पास पहुंची तो एक गाड़ी ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को अस्पताल में ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी संजीव ने बताया कि हादसे के बारे में पूरी जानकारी जुटाने के लिए सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही हैं। गाड़ी चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शनिवार को मृतका के परिवार वालों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।