आरोपी के पास से पांच मोबाइल और 40 हजार रुपये बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। फर्जी एप के माध्यम से वाहन चालान भरने के नाम पर लोगों को लिंक भेजकर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई निवासी पवन के रूप में हुई है।
साइबर थाना पूर्व के प्रबंधक निरीक्षक अमित कुमार को लोगों को सरकारी एप का फर्जी लिंक भेजकर ठगी करने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए बुधवार को मॉडल टाउन से पवन को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि वह साइबर ठगी करने वाले लोगों के साथ टेलीग्राम के माध्यम से जुड़ता था। आरोपी ने बताया कि इसे टेलीग्राम के माध्यम से लोगों का मोबाइल नंबरों का डाटा व फर्जी एप्लीकेशन का लिंक मिलता है और यह उन मोबाइल नंबर पर यह लिंक भेज देता है। इसे मोबाइल नंबर के माध्यम से व्हाट्सएप पर लिंक भेजने के बदले में 20 रुपये प्रति मोबाइल नंबर के हिसाब से मिलता था। यह अभी तक 40 हजार रुपये ले चुका है। इन 40 हजार रुपये से तीन मोबाइल खरीद चुका है। पुलिस टीम ने आरोपी के विरुद्ध ऑनलाइन पोर्टल पर जांच की तो इसके खिलाफ तीन अन्य शिकायतें अलग-अलग राज्यों में दर्ज पाई गईं। पुलिस ने आरोपी के पास से पांच मोबाइल बरामद किए हैं।