पीड़ित युवक ने गूगल पर जिओ हॉट स्टार कस्टमर केयर का नंबर किया था सर्च
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जालसाज ने जिओ हॉटस्टार का कर्मचारी बनकर एक युवक से 98 हजार रुपये की ठगी की है। पीड़ित युवक ने गूगल वेबसाइट पर जिओ हॉटस्टार कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया था। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर अपराध थाना मानेसर में मामला दर्ज किया है।
सेक्टर-82ए निवासी उमेश गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने 10 अगस्त को जिओ हॉटस्टार कस्टमर केयर का नंबर को गूगल वेबसाइट पर सर्च किया था। वेबसाइट पर मिले नंबर पर उन्होंने बात की। कॉल पर बात करने वाले व्यक्ति ने उमेश गुप्ता को व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल करने के लिए कहा। इसके बाद उमेश गुप्ता ने वीडियो कॉल पर बात करते हुए कॉल करने वाले व्यक्ति की बातों पर सहमति जताई तो उनके बैंक खाते से कई बार में 98 हजार रुपये कट गए। मोबाइल पर रुपये कटने का मैसेज आने के बाद उमेश गुप्ता को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ तो उन्होंने ऑनलाइन ठगी होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।