- डीएसपी की फर्जी फेसबुक आईडी से आया था मदद करने का मैसेज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जालसाजों ने फर्नीचर बेचने के नाम पर गुरुग्राम की अपराध शाखा के पुलिसकर्मी से 90 हजार रुपये की ठगी कर ली। डीएसपी राहुल देव की फर्जी फेसबुक आईडी से पीड़ित पुलिसकर्मी के पास मैसेज आया था। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर अपराध थाना मानेसर में एफआईआर दर्ज की है।
रोहतक के बहु अकबरपुर गांव निवासी हरदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपराध शाखा फर्रुखनगर में तैनात है। 11 सितंबर को उनके जानकार डीएसपी राहुल देव के फेसबुक से मैसेज आया कि मेरे दोस्त सीआरपीएफ दिल्ली में ऑफिसर हैं, जिनका तबादला होना है। वह अपना फर्नीचर बेचना चाहते हैं। इसकी थोड़ी देर बाद उनको एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले खुद को डीएसपी राहुल देव का दोस्त सुमित बताया और सामान की फोटो भेजी। उन्होंने 95 हजार रुपये की मांग तो बातचीत में 90 हजार रुपये में सहमति बनी। इसके बाद कॉल करने वाले ने पुलिसकर्मी हरदीप के व्हाट्सएप पर मनीष कुमार यादव के नाम से क्यूआर कोड भेजा तो उन्होंने गूगल-पे से 90 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जालसाज ने फिर से कॉल करके रुपये और रुपये भेजने के लिए कहा तो हरदीप को अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ।
पीड़ित हरदीप ने डीएसपी राहुल देव को कॉल करके बात की तो उन्होंने बताया कि मेरे नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर धोखाधड़ी की गई है। इसके बाद हरदीप ने डायल 1930 पर कॉल करके अपने साथ हुई ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।