तावड़ू।
उपमंडल के सराय कोटा गांव में में स्थित क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में आज (मंगलवार) से अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैम्पियंश शुरू होने जा रहा है। यह टूर्नामेंट प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 21 से 24 अप्रैल तक आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश के लगभग 130 पेशेवर गोल्फर हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का कुल इनामी राशि करीब 1 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। आयोजन में भारत के शीर्ष गोल्फरों जैसे वीर अहलावत, ओम प्रकाश चौहान, मनु गंडास और सप्तक तलवार के साथ-साथ खालीन जोशी,हनी बैसाया और अंगद चीमा जैसे खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर श्रीलंका के एन थांगराजा इस प्रतियोगिता के प्रमुख विदेशी खिलाड़ी होंगे।
इस टूर्नामेंट की खास बात ये है कि नूंह जिले के स्थानीय खिलाड़ी सौरव राठी भी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। अपने ही जिले में आयोजित हो रहे इस बड़े मंच पर सौरव राठी के प्रदर्शन पर स्थानीय लोगों की विशेष नजरें रहेंगी। उनके साथ ही गुरुग्राम और नूंह क्षेत्र के अन्य खिलाड़ी जैसे ध्रुव श्योराण, तपेंद्र घई, मनीष ठाकरन और शिवेंद्र सिंह सिसोदिया भी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं, जिससे क्षेत्रीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।पीजीटीआई और डीपी वर्ल्ड के बीच हाल ही में हुई साझेदारी के बाद यह टूर्नामेंट और भी महत्वपूर्ण हो गया है। इस सहयोग का उद्देश्य भारत में प्रोफेशनल गोल्फ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। नूंह जिले के तावडू उपमंडल के सराय और कोटा गांव की सीमा में स्थित यह विश्वस्तरीय गोल्फ रिसॉर्ट एक बार फिर बड़े खेल आयोजन का गवाह बनने जा रहा है।