-बदलते मौसम और गर्मी-बारिश के कारण नहीं हो पा रही प्रैक्टिस
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले में इन दिनों बदलता मौसम खिलाड़ियों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। कभी तेज धूप, कभी उमस और अचानक होने वाली बारिश के कारण खिलाड़ियों की नियमित प्रैक्टिस प्रभावित हो रही है।
खिलाड़ियों का कहना है कि बारिश के कारण मैदान गीले रहते हैं। ऐसे में दौड़ने या अभ्यास करने के दौरान फिसलने का खतरा बना रहता है। वहीं दोपहर के समय तेज धूप और उमस शरीर को जल्दी थका देती है। जिसके कारण उन्हें बार-बार आराम करना पड़ रहा है। इसका असर तैयारी और फिटनेस पर पड़ता है।
मौसम को देखते हुए प्रशिक्षकों ने ट्रेनिंग के समय में बदलाव भी किया है। ज्यादातर खिलाड़ी सुबह जल्दी या फिर शाम के समय अभ्यास कर रहे हैं। खेल विशेषज्ञों का मानना है खिलाड़ियों को डाइट, पानी की मात्रा और आराम पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
बारिश के बाद मैदान में काफी फिसलन हो जाती है, जिससे चोट लगने का खतरा बढ़ जाता है। - राजीव, हॉकी खिलाड़ी
मौसम का असर पिच व आउटफील्ड पर पड़ता है। तापमान बढ़ने से प्रैक्टिस रद्द करनी पड़ती है। - सौरभ राठोर, क्रिकेट खिलाड़ी
ज्यादा गर्मी होने के कारण सही से डाइट नहीं ले पाते। अभ्यास करते समय ताकत नहीं रहती । -वीर, हॉकी खिलाड़ी
खुले मैदान में वॉलीबॉल खेलते समय धूप से परेशानी होती है। गर्मी में अभ्यास करना कठिन है। - राहुल, वालीवॉल खिलाड़ी