45 किमी ग्रीन बेल्ट की जा रही सफाई, पौधरोपण के साथ सौंदर्यीकरण का कार्य जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने शहर में हरित क्षेत्रों के पुनर्विकास और मानसून की तैयारी को मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत लगभग 45 किलोमीटर सड़क नेटवर्क के किनारे स्थित ग्रीन बेल्ट से निर्माण और ध्वस्तीकरण (सीएंडडी) मलबा, मिट्टी और अन्य कचरे को हटाया जा रहा है।
भूजल पुनर्भरण के लिए ग्रीन ड्रेन का विकास
प्राधिकरण कई स्थानों पर ग्रीन बेल्ट को नीचा कर उन्हें ग्रीन ड्रेन के रूप में विकसित कर रहा है, ताकि बारिश के पानी का बेहतर निकास हो सके और भूजल पुनर्भरण को बढ़ावा मिले। सफाई के बाद इन क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से पौधारोपण और सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे शहर के सड़क किनारे हरियाली को फिर से विकसित किया जा सके।
पौधारोपण के साथ सौंदर्यीकरण का कार्य भी कई स्थानों पर किया जा रहा है। सिग्नेचर चौक से अटल कटारिया चौक, लोटस वैली स्कूल रोड, गुरुग्राम यूनिवर्सिटी रोड, ओल्ड रेलवे रोड, सुभाष चौक से मिलेनियम सिटी सेंटर, सुभाष चौक से हीरो होंडा चौक, आईएफएफसीओ चौक से एसपीआर कॉरिडोर और सेक्टर-44/45 सहित कई प्रमुख मार्गों पर चल रहा है।
जीएमडीए के अनुसार, 100 से अधिक कर्मचारियों और 20 जेसीबी मशीनों के साथ 24 घंटे कार्य जारी है। टीमों की ओर से लंबे समय से जमा मलबे और गाद को हटाकर ग्रीन बेल्ट की सफाई और समतलीकरण किया जा रहा है।
साथ ही राजीव चौक से सिग्नेचर टॉवर चौक, अटल कटारिया चौक और सेक्टर 89-90 जैसे क्षेत्रों में पौधरोपण और सौंदर्यीकरण के कार्य चल रहे हैं। इसके अलावा सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों की सफाई भी की जा रही है। ट्रैफिक सुधार के तहत 200 से अधिक क्षतिग्रस्त बैरियर और अवरोध हटाए गए हैं, जिससे यातायात सुगम और सुरक्षित हो सके। जीएमडीए ने इसे शहर के समग्र पर्यावरण सुधार और मानसून तैयारियों का हिस्सा बताया है।