मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर की सनटेक सिटी का किया अवलोकन
नंबर गेम - 25 एकड़ में विकसित होगा विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटरअमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सिंगापुर की सनटेक सिटी की तर्ज पर मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में करीब 25 एकड़ क्षेत्र में विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर विकसित किया जाएगा। हरियाणा सरकार इसे अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक इंजीनियरिंग से लैस करने की तैयारी में है। यहां अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, व्यापारिक बैठकें, प्रदर्शनियां और वैश्विक स्तर के अन्य आयोजन किए जा सकेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने सिंगापुर दौरे के दौरान प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर की व्यवस्थाओं और सुविधाओं को लेकर वहां की प्रसिद्ध सनटेक सिटी का अवलोकन किया। उन्होंने सनटेक सिटी में संचालित कन्वेंशन सेंटर की सुविधाओं, निर्माण तकनीक, आधुनिक इंजीनियरिंग और संचालन व्यवस्था की भी जानकारी ली। सरकार का उद्देश्य सिंगापुर की तर्ज पर गुरुग्राम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं वाला कन्वेंशन सेंटर विकसित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर विकसित किया जाएगा। सनटेक सिटी में उपलब्ध सुविधाओं का अध्ययन परियोजना के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की श्रेष्ठ व्यवस्थाओं को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण है। प्रस्तावित सेंटर में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि बड़े स्तर के अंतरराष्ट्रीय और व्यावसायिक आयोजन यहां हो सकें।
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर स्थित गार्डन्स बाय द बे का भी दौरा किया। यहां उन्होंने प्रकृति संरक्षण, हरित विकास और जल प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने इन व्यवस्थाओं का अध्ययन किया ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ शहरी विकास को बेहतर तरीके से जोड़ा जा सके। मुख्यमंत्री के सिंगापुर दौरे के दौरान उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, महानिदेशक यश गर्ग, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया और एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक विनय प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
फेंग शुई के सिद्धांतों पर डिजाइन है सनटेक सिटी
सनटेक सिटी सिंगापुर के डाउनटाउन कोर स्थित मरीना सेंटर में बना विशाल व्यावसायिक और मिश्रित उपयोग वाला परिसर है। यह अपने शॉपिंग मॉल, पांच गगनचुंबी कार्यालय टावरों, विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर और फाउंटेन ऑफ वेल्थ के लिए प्रसिद्ध है। सनटेक सिटी का डिजाइन एशियाई वास्तुकला, चीनी फेंग शुई और हिंदू मंडला के सिद्धांतों से प्रेरित है। इसके पांच कार्यालय टावरों को इस तरह डिजाइन किया गया है कि ऊपर से देखने पर वे बाएं हाथ की हथेली और उंगलियों जैसे दिखाई देते हैं। परिसर के बीच स्थित फाउंटेन ऑफ वेल्थ को हथेली के बीच धन का प्रतीक माना जाता है। फाउंटेन ऑफ वेल्थ’ सनटेक सिटी के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। इसे 1998 में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दुनिया के सबसे बड़े फव्वारे के रूप में दर्ज किया गया था। वहीं, सनटेक सिटी का कन्वेंशन सेंटर अंतरराष्ट्रीय बैठकों, सम्मेलनों और व्यावसायिक आयोजनों के लिए प्रमुख स्थल के रूप में विकसित किया गया है।
लंबे समय से महसूस की जा रही जरूरत
गुरुग्राम में बड़े आयोजनों के लिए विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने पिछले साल 18वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन में गुरुग्राम में कन्वेंशन सेंटर बनाने पर जोर दिया था। इसके बाद सरकार ने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कन्वेंशन सेंटर विकसित करने की दिशा में काम शुरू किया। फिलहाल बड़े आयोजनों के लिए निजी संस्थानों के सभागारों पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर से बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों के आयोजन के लिए स्थायी सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।