शनिवार देर रात भनकपुर गांव के पास मिला था प्रदीप का शव
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-58 थाना इलाके में भनकपुर गांव के पास प्रदीप की हत्या के मामले में उसके दोनों साथियों योगेश व पवन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी प्रदीप के ही गांव पलवल के कारना के रहने वाले हैं। सोमवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों से अपराध शाखा एवीटीएस की टीम पूछताछ कर रही है।
पूछताछ में सामने आया कि कुछ महीने पहले आरोपी पवन व उसके साथियों का झगड़ा प्रदीप के साथ हुआ था। इसे लेकर पवन प्रदीप से रंजिश रखने लगा था। शनिवार 13 सितंबर को प्रदीप को प्लान के तहत पवन व योगेश उसकी ब्रेजा कार से पलवल लेकर आए। यहां पर तीनों ने शराब पी और फरीदाबाद के भनकपुर पहुंचे। यहां योगेश व पवन ने मिलकर प्रदीप के साथ झगड़ा किया। आरोपियों ने लात-घूसे मारने के साथ ही डंडों से भी प्रदीप को पीटा। फिर उसका सिर जमीन पर दे मारा। इससे प्रदीप की मौत हो गई। योगेश सेल-परचेज का काम करता है जबकि पवन रैपिडो बाइक चलाता है।
यह मामला शनिवार देर रात लगभग डेढ़ बजे सामने आया। पुलिस को सूचना मिली कि भनकपुर गांव में सड़क किनारे एक युवक लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है। सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक की मौत हो चुकी थी और उसके शरीर पर चोट के निशान थे। प्रदीप के पिता रविंद्र के बयान पर सेक्टर-58 थाना में एफआईआर दर्ज की गई। मामले में अब दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है।