गुरुग्राम। भांगरोला गांव में रहने वाले एक प्रवासी परिवार का आठ वर्षीय बच्चा पीलिया और मलेरिया दोनों से ग्रसित पाया गया है। कई दिनों से बच्चे को बुखार, उल्टी और पीलिया की शिकायत थी जिसके चलते परिजन उसे मानेसर के अस्पताल लेकर पहुंचे।
प्रारंभिक जांच में मामला हेपेटाइटिस-ए का प्रतीत हो रहा था क्योंकि उस समय बच्चे की मलेरिया रिपोर्ट नेगेटिव आई थी लेकिन तेज बुखार आने पर चिकित्सकों ने फिर से जांच कराई, जिसमें प्लाज्मोडियम वाइवेक्स मलेरिया की पुष्टि हुई है। वर्तमान में अस्पताल में बच्चे का इलाज जारी है और स्वास्थ्य विशेषज्ञ लगातार उसकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। अस्पताल प्रशासन ने इस मामले की जानकारी स्थानीय स्वास्थ्य विभाग को भी दे दी है ताकि गांव में अन्य लोगों की समय रहते जांच कर आवश्यक कदम उठाए जा सकें। स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बुखार और पीलिया जैसी लक्षणों की अनदेखी न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। संवाद