द्वारका ई-वे का 10.2 किमी हिस्सा एनएचएआई को स्थानांतरित
गुरुग्राम। बसई स्थित रेलवे फुट ओवर ब्रिज (आरओबी) से दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर तक लगते द्वारका एक्सप्रेसवे का काम अब जल्द शुरू होगा। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण(एचएसवीपी) ने एक्सप्रेसवे का करीब 10.2 किमी हिस्सा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को स्थानांतरित कर दिया है। एनएचएआई अधिकारियों की मानें तो इस हिस्से का काम इस सप्ताह शुरू होने की संभावना है।
एक्सप्रेस-वे का काम पांच चरणों में पूरा किया जाना है। इसके लिए एनएचएआई ने सूचीबद्ध काम निर्धारित कर संबंधित एजेंसियों को टेंडर भी जारी किए हुए हैं, लेकिन अड़चनों के कारण एक्सप्रेसवे का काम बीते आठ सालों से लंबित है। इससे गुरुग्राम में बसे नए सेक्टरों में रहने वाले डेढ़ लाख से भी अधिक लोग प्रभावित हो रहे हैं। एक्सप्रेसवे के जल्द निर्माण को लेकर मामला प्रधानमंत्री कार्यालय तक भी पहुंच गया है। जहां उच्च स्तरीय अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद अब सभी विभाग निर्माण में आ रही अड़चनों को जल्द दूर करने में जुट गए हैं।
एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि प्रोजेक्ट के फेज तीन में बसई आरओबी से दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर तक के बीच आ रही सभी अड़चनों को दूर कर दिया है। जमीन का कब्जा एनएचएआई को स्थानांतरित कर दिया है। अब एनएचएआई वहां सड़क निर्माण का काम शुरू कर सकती है।