तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर शीतला माता मंदिर में मिलेंगी सुविधाएं
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं को कई सुविधाएं देने की तैयारी की जा रही है। मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर शनिवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में इस पर चर्चा की गई, जिसमें बेसमेंट पार्किंग के अलावा मंदिर के सामने चार एकड़ जमीन को साथ मिलाते हुए 11 एकड़ जमीन पर प्लान तैयार किया गया है। इसमें एक साथ 1000 श्रद्धालुओं के बैठने के लिए हॉल की सुविधा होगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मंदिर की वेबसाइट की भी लांचिंग की, जिसमें ऑनलाइन दर्शन की बुकिंग की जा सकेगी। बैठक में निजी कंपनी ने मंदिर के कुल 11 एकड़ पर नए निर्माण को लेकर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन दिया, जिसमें तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर यात्रियों के लिए ऑनलाइन सुविधाओं के अलावा मूलभूत सुविधाओं के बारे में बताया गया। इसमें मंदिर के मौलिक स्वरूप से छेड़छाड़ न करने की चर्चा के साथ मंदिर परिसर के अलावा मेला ग्राउंड को एक साथ तैयार किया जाएगा। मंदिर में चैत्र-बैसाख व आषाढ़ माह में होने वाले मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को भी ध्यान में रखते हुए डिजाइन तैयार किया गया है।
यह होगी सुविधाएं
1000 श्रृद्धालुओं के बैठने के लिए ऑडिटोरियम, अंडर ग्राउंड पार्किंग, मेडिटेशन रूम, डिस्पेंसरी, हॉल, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, सोलर पैनलों से मंदिर में लाइटिंग सिस्टम, होल्डिंग एरिया, शू डिपोजिट एरिया, टॉयलेट, मुंडन हॉल और परिक्रमा का रास्ता सहित कई आधुनिक सुविधाएं।
मेडिकल कॉलेज निर्माण का खर्च उठाएगी सरकार
शीतला माता मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए अब बोर्ड की बजाय प्रदेश सरकार खर्च वहन करेगी। शनिवार को हुई बैठक के बाद सीएम ने कहा कि मंदिर का जीर्णोद्धार प्राथमिकता है। ऐसे में अगर मेडिकल कॉलेज के लिए फंड की कमी आती है तो उसे सरकार वहन करेगी।