मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम में राशन डिपो होल्डर व घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई की। इसे लेकर संबंधित थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। छापेमारी के दौरान डिपो होल्डर के पास रखे स्टॉक में 640 क्विंटल गेहूं, 1320 लीटर सरसों का तेल व 228 क्विंटल बाजरा कम मिला। 79 किलोग्राम चीनी मात्रा से ज्यादा पाई गई। वहीं अलग-अलग तीन स्थानों पर घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी करने वालों पर छापेमारी के दौरान कुल 174 सिलिंडरों को जब्त किया गया।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को शिकायत मिली थी कि डिपो पर लोगों को कम सामान दिया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार दोपहर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता गुरुग्राम व खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मंदिर कुटिया बसई रोड गुरुग्राम में राशन डिपो होल्डर विकास के डिपो पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान गेहूं, सरसों का तेल व 2 बाजरा कम पाया गया। वहीं, चीनी मात्रा से ज्यादा पाई गई। जिसके बाद कानूनी कार्रवाई के लिए जिला खाद्य आपूर्ति विभाग गुरुग्राम द्वारा जांच करने के उपरांत उपरोक्त डिपो धारकों के खिलाफ केस दर्ज करवाया जाएगा। डीएसपी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि एक मार्च को उनकी टीम को एक गुप्त सूचना मिली की डिपो होल्डर विकास के डिपो पर गरीब लोगों को राशन ठीक प्रकार से नहीं बांटा जा रहा है। इस सूचना पर छापेमारी के दौरान विकास मौके पर नहीं मिला। डिपो होल्डर को बार बार फोन किया गया लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। काफी समय इंतजार करने के उपरांत डिपो का ताला तोड़ा गया और जांच की गई।
छापेमारी के दौरान 174 सिलिंडर जब्त
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व खाद्य एवं आपूर्ति विभाग गुरुग्राम की संयुक्त टीम द्वारा घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी करने वालों पर रेड की गई। भवानी एनक्लेव गली नंबर 1 नजदीक बसई चैक पर छापेमारी की गई। जहां पर मधु गैस एजेंसी का सप्लायर एक गैस भरने की दुकान पर 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलिंडर अवैध रूप से उच्च दामों में दुकानदार को बेच रहा था। रवि नगर, गली नंबर छापा मारा गया। वहां एक टेंपो में 14.2 किलोग्राम के कुल 23 गैस सिलिंडर जिनमें से 6 खाली टेंपो के बाहर रखे हुए थे। टेंपो में 14 सिलिंडर भरे तथा तीन खाली पाए गए। गांव खेड़की माजरा में रोड पर सतीश की दुकान में घरेलू गैस सिलिंडरों पर रेड की गई। दुकान पर 29 भरे व दो खाली , दो एचपी कामर्शियल सिलिंडर पाए गए। पिकअप गाड़ी में 60 खाली सिलिंडर रखे हुए पाए गए। छापेमारी के दौरान कुल 174 सिलिंडर मौके पर जब्त किए गए। संबंधित थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।