- दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन का अंतिम दिन आज
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। वर्तमान सत्र में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में दाखिले के लिए अंतिम तिथि 21 जून है। ऐसे में विद्यार्थियों के पास केवल आज का दिन ही आवेदन के लिए शेष बचा है। बुधवार को शाम 5 बजे तक विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, प्रदेश के विभिन्न जिलों की कई आईटीआई संस्थानों में आवेदनों की संख्या काफी कम है। ऐसे में संभावना है कि कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा की ओर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की समयावधि को बढ़ाया जा सकता है।
शहर के एमजी रोड स्थित राजकीय मॉडल आईटीआई सेक्टर-14 में 25 ट्रेड की 904 सीटों पर नए सत्र में दाखिले होने हैं। संस्थान में मंगलवार शाम तक 5030 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं। राजकीय महिला आईटीआई सेक्टर-14 में 10 ट्रेड की 252 सीट है। इस संस्थान में लगभग 300 छात्राओं ने ही आवेदन किया हैं। राजकीय मॉडल आईटीआई सेक्टर-14 के प्राचार्य जयदीप सिंह कादियान ने बताया कि संस्थान में विद्यार्थियों को रोजगार दिलवाने के लिए सात ट्रेड में दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली (डीएसटी) के तहत उद्योगों के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान दिया जाएगा। इससे विद्यार्थी अपना बेहतर करियर शुरु कर सकते हैं।
कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा द्वारा अभी तक आवेदन फार्मों का ऑनलाइन दस्तावेज सत्यापन व फीस जमा कराने संबंधित शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। 21 जून तक ऑनलाइन आवेदन किए जाएंगे। इच्छुक विद्यार्थी दाखिले के लिए अपना आवेदन https://admissions.itiharyana.gov.in/ पर कर सकते हैं। दाखिले से संबंधित सभी जानकारी पोर्टल व विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है।
राजकीय आईटीआई गुरुग्राम में विभागीय दिशा-निर्देशानुसार दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क व काउंसलिंग सेंटर स्थापित किए गए हैं। विद्यार्थी संस्थान में उपस्थित होकर दाखिले हेतु किसी भी प्रकार की जानकारी ले सकते है एवं अपना ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भी भरवा सकते हैं।
राजकीय महिला आईटीआई सेक्टर-14 के प्राचार्य जेपी यादव ने बताया कि संस्थान में लगभग 300 आवेदन आए हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए एक दिन का समय बचा है। ऐसे में उम्मीद है कि बुधवार को आवेदनों की संख्या बढ़ेगी। दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की समयावधि बढ़ाना विभाग के अधीन है। समयावधि बढ़ाई जाएगी या नहीं, वे इस बारे में कुछ नहीं कह सकते।