गुरुग्राम। कोरोना संक्रमण के खात्मे के लिए चल रही टीकाकरण की प्रक्रिया अब काफी तेज हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के साथ ही निजी अस्पताल भी टीकाकरण की प्रक्रिया तेज करने में अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं। अब तो रोजाना लक्ष्य से ज्यादा लोगों को टीका लग रहा है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को 4 हजार से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। बृहस्पतिवार को 4500 लोगों में टीकाकरण का लक्ष्य था। इसमें से 4000 लोगों को टीका लगाया गया।
बृहस्पतिवार को 60 साल से ऊपर के 1524 लोगों को टीका लगाया गया, जबकि पहले से बीमार 45-59 साल के 1251 लोगों को टीके की डोज दी गई। वहीं 666 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया, जबकि 562 फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाया गया। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से जिले के 23 शासकीय अस्पताल जुड़े हुए हैं। इसमें से अब 17 अस्पताल कोविड पोर्टल पर पंजीकृत हैं, जिनमें टीकाकरण चल रहा है। वहीं, कोविड पोर्टल पर अब कुल 57 निजी अस्पतालों में कोरोना का टीकाकरण चल रहा है। बृहस्पतिवार को टीकाकरण के लिए कुल 143 केंद्र बनाए गए थे। इसमें से शासकीय केंद्रों पर 2544 व निजी केंद्रों पर 1459 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।
169551 को लग चुका है टीका
जिले में कोरोना की रफ्तार बढ़ने के साथ ही टीकाकरण के मामले में गुरुग्राम सबसे ऊपर है। गुरुग्राम में अब तक प्रदेश के अन्य जिलों की अपेक्षा सर्वाधिक 1 लाख 69 हजार 551 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। वहीं, टीकाकरण के मामले में फरीदाबाद दूसरे स्थान पर है और यहां पर 1 लाख 38 हजार 68 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि कोरोना के कुल मरीजों की संख्या के मामले में भी गुरुग्राम प्रदेश में पहले पायदान पर है। टीकाकरण के मामले में नूंह सबसे निचले पायदान पर है, जहां सबसे कम अब तक 13642 लोगों को ही टीका लगाया गया है।