- भारी पुलिस बल और 4 जेसीबी की मदद से कार्रवाई पूरी की गई। क्षेत्र के सौंदर्यकरण के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी भी दी गई।
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम ने शुक्रवार को सुखराली जोहड़ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4000 गज सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। यह जमीन पिछले लगभग 40 वर्षों से कब्जे में थी।
यह अभियान ड्यूटी मजिस्ट्रेट यतेन्द्र कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। अवैध निर्माणों को हटाने के लिए 4 जेसीबी मशीनों की मदद ली गई, जिससे कब्जों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
स्थानीय पार्षद अनूप सिंह ने कार्रवाई के लिए मेयर राजरानी मल्होत्रा, निगमायुक्त प्रदीप दहिया सहित पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कार्रवाई लंबे समय से अटकी थी और इसे पूरा कर प्रशासन ने सराहनीय कार्य किया है। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए जोहड़ के सौंदर्यीकरण के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी भी दी है। इस परियोजना में एडिशनल कमिश्नर रविन्द्र यादव, एक्सईएन हॉर्टिकल्चर संदीप, एसडीओ पवन और जेई गुलशन की अहम भूमिका रहेगी।