गुरुग्राम। नगर-निगम ने कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को छह लोगों पर 34 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना ठोक दिया। इन पर ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2016 का उल्लंघन करने पर कार्रवाई हुई है।
बुधवार को नगर निगम ने सेक्टर- 31 मार्केट में यह कार्रवाई की। इस क्रम में ओम स्वीट्स पर 25 हजार रुपये, रिलायंस फ्रेश पर 5 हजार रुपये व अन्य पर कुल 34,500 जुर्माने की कार्रवाई की गई। यह लोग कचरे को मिक्स कर रहे थे, जबकि उसका पृथक्करण करना चाहिए था। इनकी कंपोस्टिंग मशीन काम नहीं कर रही थी। यह लोग प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग भी कर रहे थे। इससे पहले जोन-3 क्षेत्र में तैनात सफाई निरीक्षक जितेंद्र कुमार की टीम ने व्यवस्था का निरीक्षण किया। बता दें कि जिले में 50 किलो या इससे अधिक कचरा उत्पादन करने वालों को अपने स्तर पर ही कचरे का निस्तारण करना अनिवार्य किया गया है।