खुले मिले सीवर मैनहॉल तो चौकीदार कराएगा दुरस्त
गुरुग्राम। शहर में खुले मैनहॉल के संबंध में मिल रही शिकायतों के मद्देनजर गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण अपने अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में फील्ड चौकीदार की नियुक्ति कर रहा है। जिसमें वे सीवर लाइनों की जांच पड़ताल के अलावा उक्त शिकायतों का मौके ही निवारण कराएंगे। जीएमडीए ने नियुक्ति के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है जिसमें फरवरी से काम शुरू होने की उम्मीद है।
शहर में खुले सीवर के मैनहॉल में पशुओं और वाहन चालकों के गिरने की कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। निगम की ओर से इस संबंध में काई काम नहीं कराया गया। जीएमडीए अब अपने क्षेत्र में ऐसी शिकायतों के अलावा सीवरेज लाइनों की जांच पड़ताल के लिए फील्ड चौकीदार नियुक्त कर रहा है जो पूरे समय लाइनों के अलावा मैनहॉल की निगरानी करेगा।
एसटीपी धनवापुर से डूंडाहेड़ा सीवरेज लाइन, सेक्टर-22/21 से एसटीपी धनवापुर और गुरुग्राम के लिए आने वाली तीनों लाइनों के लिए चौकीदारों की नियुक्ति की जा रही है। जीएमडीए एक्सईएन (इंफ्रास्ट्रक्चर डिवीजन-2) के जगदीश कुमार सरौत के मुताबिक, 6.72 लाख की राशि खर्च कर एक साल के लिए फील्ड चौकीदारों की नियुक्ति की जा रही है। सरौत के मुताबिक, टेंडर प्रक्रिया जारी कर दी गई है। पूरी उम्मीद है कि फरवरी में तीनों लाइनों के लिए चौकीदारों की नियुक्ति कर दी जाएगी।