अब तक 14 करोड़ की रिकवरी, कर्मचारियों की मिलीभगत से हुआ फ्रॉड
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। डिजिटल पेमेंट कंपनी मोबिक्विक वॉलेट में हुए करोड़ों रुपये के फ्रॉड की अब परतें खुलने लगी हैं। एक तरह जहां कंपनी ने करीब 2500 लोगों के खिलाफ गुरुग्राम के सेक्टर 53 के पुलिस थाने में एक आपराधिक शिकायत (एफआईआर संख्या 183/2025) दर्ज करवाई है। वहीं इस मामले के समाधान के लिए के लिए रिकवरी कैंप भी लगाए जा रहे हैं। ये कैंप नूंह के लघु सचिवालय के कमरा नंबर 428 में 16 सितंबर से लेकर 23 सितंबर 2025 तक लगाए जाएंगे। कंपनी का दावा है कि पहले लोगों को मौका दिया जा रहा है कि सभी स्वयं आकर पैसा जमा करा दें, अगर नहीं कराते हैं तो उनके खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नूंह में मोबिक्विक के जरिये आए पैसे की रिकवरी के लिए आए कर्मचारियों के मुताबिक गुरुग्राम, पलवल और नूंह में करीब 40 करोड़ रुपये का फ्रॉड लेनदेन हुआ है। इसमें अकेले नूंह जिले में करीब 30 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है। बाकी 10 करोड़ रुपये गुरुग्राम और पलवल जिले में गए है। पैसा रिकवरी के लिए अब कंपनी ने कैंप लगाने शुरू कर दिए हैं। जिन लोगों के खातों में पैसा ट्रांसफर हुआ है उन लोगों से पैसा रिटर्न कराया जा रहा है। साथ ही उनसे एफिडेविट भी लिया जा रहा है कि उनके खातों में गलत तरीके से पैसा आया है। कंपनी कर्मचारियों ने बताया कि इससे न केवल उक्त लोग कानूनी कार्रवाई से बचेंगे बल्कि उनका सिविल रिकॉर्ड भी ठीक रहेगा।
जानकारी के मुताबिक मोबिक्विक वॉलेट से ट्रांसफर किए गए खातों को कंपनी द्वारा फ्रीज कर दिया गया है। नूंह में छह हजार खाते ऐसे हैं, जिन पर यह कार्रवाई की गई है। खाता बंद होने के साथ ही जिले में हड़कंप मच गया। इनमें व्यापारियों और दुकानदारों की ज्यादा संख्या है। किसी ने अपनी उधारी चुकता की है तो किसी ने प्रतिशत पर पैसा लिया है। अब वह भी लगातार कंपनी कर्मचारियों और पुलिस के चक्कर काट रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द उनका खाता फिर से चालू हो सके।
मोबिक्विक कंपनी के अधिकारियों द्वारा जारी पत्र के अनुसार 40 करोड़ रुपये खातों में ट्रांसफर किए गए थे। इनमें से 14 करोड़ से अधिक की रिकवरी हो चुकी है। अब भी मेवात, गुरुग्राम और पलवल में करीब 26 करोड़ रुपये बकाया है। जिसे जल्द ही रिकवर कर लिया जाएगा। कंपनी अधिकारियों के मुताबिक पैसा रिकवरी के लिए पहले लोगों को एक मौका दिया जा रहा है अगर उसके बाद भी किसी ने पैसा जमा नहीं किया तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। एक कर्मचारी ने बताया कि जिन कर्मचारियों ने लूज हॉल छोड़कर गलत पिन से पैसे ट्रांसफर किए गए है वह मेवात, गुरुग्राम और पलवल के रहने वाले है। जिसकी जांच पुलिस कर रही है।