गुरुग्राम। खड़ी कारों के शीशे पर ठक-ठक कर चालकों को झांसा देकर गुमराह करते हुए कार में रखे सामान चोरी करने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में गुरुग्राम व फर्रूखनगर की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर आरोपियों को धर दबोचा। इनमें दो आरोपियों की पहचान कर्नाटक के मालूर निवासी नटराज पी, तमिलनाडु के श्रीरंगम तालुका निवासी गुना थानिक के रूप में की गई है।
पुलिस ने बताया कि गुरुग्राम के कई स्थानों से वाहनों के शीशे तोड़कर लैपटॉप बैग व अन्य कीमती सामान चोरी करने की कई घटनाएं हुई थीं। पुलिस ने इस प्रकार की वारदात में किसी विशेष गैंग के शामिल होने की आशंका जताई थी। इसी बीच बीते 25 मार्च को सिविल अस्पताल के सामने खड़ी एक गाड़ी का गुलेल की मदद से शीशा तोड़कर बैग चोरी किए जाने का मामला सामने आया, जिसमें नकदी समेत कुछ कागजात भी थे। इस मामले में 3 अप्रैल को दिल्ली एयरपोर्ट के नजदीक से वेंकटेश्वर रावेंधीरन निवासी त्रिचिरापल्ली तमिलनाडु को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था।
पहले करते थे रेकी
वेंकटेश्वर रावेंधीरन की निशानदेही पर उक्त दोनों आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को दिल्ली के गांव वजीरपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इस गैंग के 4-5 लोग बाजारों व अन्य जगहों पर खड़ी गाड़ियों की रेकी करते तथा जिस गाड़ी में लैपटॉप या कीमती सामान रखा होता उस गाड़ी के शीशे को गुलेल द्वारा लोहे की गोली मारकर तोड़ देते थे तथा गाड़ी में रखे सामान को चोरी कर लेते थे।
इस तरह से देते थे अंजाम
जब कोई व्यक्ति गाड़ी लेकर खड़ा होता था तो इस गैंग का एक बदमाश गाड़ी के पास 10-20 रुपये के नोट व सिक्के बिखेर देता था और कार में बैठे चालक को कहते कि आपके रुपये गिर गए हैं। जब वह व्यक्ति गाड़ी से नीचे उतरकर रुपये उठाने लगता तो दूसरी तरफ खड़ा इनका अन्य साथी गाड़ी का गेट को खोलकर उसमें रखे सामान को निकाल लेता था और फिर ये दोनों चंपत हो जाते थे। आरोपियों को यदि चोरी किए गए सामान से वाई-फाई ऐक्टिव कोई डेबिट या क्रेडिट कार्ड मिलता तो ये कार्ड द्वारा महंगी शराब, पेट्रोल-डीजल आदि भी खरीदते थे।
महंगी शराब पीने के हैं शौकीन
दिल्ली, गुरुग्राम व एनसीआर से चोरी सामान को ये कर्नाटक व तमिलनाडु में ले जाकर अलग-अलग जगहों पर बेचते थे। ठक-ठक गिरोह के ये बदमाश महंगी शराब पीने के शौकीन हैं। नटराज पी व गुना थानिक पहले भी कई बार इस तरह की वारदातों में गिरफ्तार हुए हैं तथा दिल्ली की तिहाड़ जेल व कर्नाटक में भी जेल में रह चुके हैं। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में दिल्ली व गुरुग्राम में 1 दर्जन से भी अधिक वारदात को अंजाम देने का खुलासा किया है।
ट्रेन से आते और चोरी कर फ्लाइट से जाते
पूछताछ में यह भी पता चला है कि ये लोग वारदात करने के लिए दिल्ली तो अक्सर ट्रेन से आते थे लेकिन चोरी करने के बाद ये फ्लाइट से जाते थे। यदि चोरी में कम नकदी मिलती तो कई बार ये ट्रेन से भी वापस जाते। ठहरने के लिए ये लोग दिल्ली में कमरा ले लेते थे। इस समय आरोपियों ने गाजीपुर दिल्ली में कमरा किराये पर ले रखा था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 लैपटॉप, 2 मोबाइल फोन, 2 घड़ियां, सोने व चांदी के कुछ जेवर, 3 लेडीज बैग, 3 शराब की बोतलें व 262990 रुपये नकद बरामद किए हैं। इनके अतिरिक्त 3 गुलेल व 29 मेटल बॉल (गोली) भी बरामद हुई हैं।