साइबर सेल पूर्व ने मई व जून में गुम मोबाइल को ढूंढकर असल मालिकों को लौटाए
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पुलिस जोन पूर्व की साइबर सेल ने मई व जून में गुम हुए 298 मोबाइल को सीईआईआर पोर्टल की सहायता से ढूंढकर बरामद किया। बरामद किए गए इन मोबाइल की कीमत करीब 56.62 लाख रुपये है। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) संदीप के नेतृत्व में साइबर सेल की पुलिस चोरी हुए मोबाइल को बरामद कर रही है। एसीपी डीएलएफ ने मोबाइल उनके मालिकों को वापस किया है।
पूर्व जोन की साइबर सेल की टीम ने 13 सितंबर 2019 से 30 जून 2026 तक गुम हुए मोबाइल की सूचनाओं व शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 2594 मोबाइल ढूंढे हैं। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) संदीप ने कहा कि मोबाइल के माध्यम से लोग अपने कार्यालयों का काम करने के साथ ही महत्वपूर्ण दस्तावेज, व्यक्तिगत जानकारी व अन्य आवश्यक डाटा रखते हैं। मोबाइल गुम होने पर व्यक्ति को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ता है। डीएलएफ के एसीपी विष्णु ने बताया कि किसी व्यक्ति का मोबाइल गुम होता है तो सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पर शिकायत दर्ज कराएं ताकि मोबाइल को ट्रेस कर बरामद करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जा सके।