शादी का झांसा देकर साढ़े चार लाख की ठगी
सेक्टर -56 थानांतर्गत एफ ब्लॉक निवासी एक युवती को शादी का झांसा देकर साढ़े चार लाख की ठगी की गई है।
युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उससे अलग अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराए हैं और अब फोन बंदकर गायब हो गया है। पुलिस ने युवती की शिकायत दर्ज कर बैंक खातों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अरविंद दहिया के मुताबिक युवती ने शादी के योग्य दूल्हे की तलाश में जीवन साथी डॉट काम वेबसाइट पर अपना पंजीकरण कराया था। इसके बाद अमरदीप नाम का युवक उसके संपर्क में आया। इस युवक ने खुद को कैलिफोर्निया में सर्जन बताया था। कहा था कि अभी वह संयुक्त राष्ट्र स्वास्थ्य संगठन के बैनर तले अफगानिस्तान के काबुल में तैनात है।
इस जानकारी के बाद युवती एवं आरोपी दोनों ने एक दूसरे को अपने फोटो भेजे और शादी की बात पक्की कर ली। युवती के मुताबिक आरोपी ने उसे बताया था कि वह मार्च 2017 में इंडिया आने वाला है और यह कहते हुए उसने युवती को झांसा देकर पांच अलग अलग बैंक खातों में लगभग साढ़े चार लाख रुपये जमा करा लिए।
इसके बाद वह इंडिया आना तो दूर अपना फोन तक बंद कर लिया है। ऐसे में युवती ने बैंक खातों की डिटेल के अधार पर चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। थाना प्रभारी के मुताबिक इन्हीं चार लोगों के नाम पर बैंकों में खाते हैं और इन्हीं खातों में पैसा जमा कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।