गुरुग्राम। कोरोना संक्रमण के दौर में जल्द ही वैक्सीन आने की उम्मीद जताई जा रही है। लोगों को निशुल्क टीका उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने पर काम कर रहा है। योजना के तहत उपचार देने वाले अस्पतालों के पैनल में अब तक जिले के 7 शासकीय व 23 निजी अस्पताल जुड़ चुके हैं जबकि 20 नए अस्पताल भी जल्द ही जुड़ जाएंगे। इनकी प्रक्रिया भी अंतिम दौर में है। भवन व अग्निशमन विभाग से एनओसी मिलते ही इनको भी जोड़ दिया जाएगा।
आयुष्मान भारत योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि कोरोना काल में तमाम पाबंदियों की वजह से लाभार्थियों को जोड़ने की प्रक्रिया प्रभावित हुई, लेकिन अब इस पर तेजी से काम किया जा रहा है। दरअसल कोरोना को देखते हुए एक ही जगह पर बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने पर पाबंदी थी, जिस वजह से आयुष्मान भारत योजना से लोगों को जोड़ने के लिए पिछले मार्च से ही शिविर का आयोजन नहीं हो पाया। वहीं, नए लाभार्थियों को जोड़ने की प्रक्रिया में थंब इंप्रेशन लेने के लिए बायोमैट्रिक मशीन का भी उपयोग किया जाता है और इस पर भी पाबंदी थी। इन तमाम पाबंदियों के चलते योजना का काम प्रभावित हुआ।
साढ़े तीन लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य
सरकार की इस महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना के तहत जिले में करीब 3 लाख 50 हजार लोगों के कार्ड बनाए जाने हैं, अब तक 86 हजार कार्ड बनाए जा चुके हैं। बचे हुए लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ग्रामीण इलाकों के स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित भी कर रहा है ताकि लोगों में जागरूकता व्याप्त हो। योजना का लाभ लेने के लिए पात्र व्यक्ति आधार कार्ड व राशन कार्ड के जरिए सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल या फिर कॉमन सर्विस सेंटर में जाकर आवेदन कर सकता है। विभाग ने प्रति माह 15 से 20 हजार कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा है। लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं।