गुरुग्राम। कंट्री एवं टाउन प्लानिंग डिपार्टमेंट की ओर से ईडब्लूएस फ्लैट में बिजली और पानी की व्यवस्था न कराने पर नोटिस जारी किया है। इस बारे में एसटीपी की ओर से जारी नोटिस में कहा है कि दो साल पहले फ्लैट बनकर तैयार हो गए हैं। अब तक इनमें बिजली और पानी की व्यवस्था हो जानी चाहिए थी जो कि नहीं की गईं हैं। निर्धारित समय तक व्यवस्था न करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
हाउसिंग बोर्ड ने सोहना तथा अन्य इलाकों में रहेजा बिल्डर से ईडब्लूएस फ्लैट बनवाए थे। इन फ्लैट को बने दो साल हो गए लेकिन इनको बिजली और पानी के कनेक्शन न होने के कारण पूरा नहीं किया गया है। इसके कारण हाउसिंग बोर्ड ये फ्लैट आवंटियों को आवंटित नहीं कर पा रहा है।
इसी तरह यूनिटेक ने भी इन इलाकों में फ्लैट तैयार नहीं किए हैं। इस बिल्डर के संचालकों को भी नोटिस जारी किया है लेकिन इसके संचालकों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट से निर्देश मिलते ही वह निर्माण तथा अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर देंगे। क्योंकि यूनिटेक के मालिक जेल में हैं और उनके फ्लैट आदि के बारे में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर ही संचालक काम कर रहे हैं। कई और बिल्डर और डवलपर भी कार्रवाई के निशाने पर हैं। उनके बारे में अगले सप्ताह समीक्षा बैठक में निर्णय लिए जाने के संकेत मिले हैं।