नए साल में और मजबूत होगी स्पेशल टास्क फोर्स
300 जवानों के साथ मिलेंगी आधुनिक गाड़ियां व तकनीक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नए साल में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) हरियाणा का बेड़ा और अधिक मजबूत हो जाएगा। वर्ष 2019 की शुरुआत में एसटीएफ हरियाणा को 300 जवान मिल जाएंगे। इसके साथ ही एसटीएफ को और अधिक मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक व गाड़ियां भी मिलेंगी। नए हथियार भी एसटीएफ को नए वर्ष में मिलेंगे। इसके लिए सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी है।
वर्तमान में एसटीएफ में 200 जवान तैनात हैं। प्रदेश भर में अपराध पर रोक लगाने के लिए काम करने के दौरान अनेक बार स्टाफ की कमी खलती थी। इसको देखते हुए एक योजना बनाकर एसटीएफ के आला अधिकारियों ने सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजी थी। जिसको जाते साल 2018 में सरकार ने मंजूरी दे दी है। इस योजना में एसटीएफ को 300 और जवान मिलेंगे। इन्हें प्रदेश की सभी रेंज में लगाया जाएगा। इसके अलावा आधुनिक हथियार भी एसटीएफ को दिए जाएंगे। सरकार ने एसटीएफ को 25 नई गाड़ियां देने पर भी मुहर लगाई है। इसके अलावा साइबर सिस्टम को मजबूत भी नए साल में किया जाएगा। ताकि अपराधियों की लोकेशन तलाशने में एसटीएफ को परेशानी न हो।
बयान---
नए साल में एसटीएफ में बदलाव आएगा। नए जवान आने से एसटीएफ का दायर बढ़ जाएगा। अपराधियों को पकड़ने के प्रयास और तेज हो जाएंगे। एसटीएफ का साइबर सिस्टम भी मजबूत किया जाएगा।
- सतीश बालन, डीआईजी, एसटीएफ, हरियाणा