- गोताखोरों की टीम ने दो घंटे बाद निकाला शव
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। धनकोट नहर में सोमवार की दोपहर दोस्तों के साथ नहाते समय 13 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। किशोर के डूबने की जानकारी मिलने पर धनकोट पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की टीम को बुलाया। दो घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों की टीम ने किशोर का शव निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है।
मृतक की पहचान राजेंद्रा पार्क निवासी आदी के रूप में हुई है। किशोर के पिता नवीन श्रमिक का काम करते हैं। सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे आदी अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए धनकोट नहर के पास गया था। वे ऑटो पर खड़े होकर नहर में छलांग लगा रहे थे। इसी दौरान ऑटो से नहर में कूदते समय आदी का पैर उलझ गया और सिर नहर के लगे पाइप से टकरा गया। काफी देर तक आदी जब बाहर नहीं निकला तो उसके दोस्तों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। राहगीरों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद गोताखोरों की टीम ने शव को ढूंढा।
धनकोट पुलिस चौकी के उप निरीक्षक विनोद ने बताया कि नहर में नहाते समय किशोर के सिर में चोट लग गई थी और उसकी डूबने से मौत हो गई। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिजनों ने अभी कोई शिकायत नहीं दी है।