संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गाड़ी फाइनेंस कराने के नाम पर दो सगे भाइयों द्वारा 13 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वार्ड नंबर 1 निवासी मोहम्मद राशिद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिसंबर 2024 में उसे जानकारी मिली कि काटपुरी निवासी फारूख और हकमुदीन फैजान ट्रेडिंग कंपनी अनाज मंडी पुन्हाना में रहते हैं। वह आढ़त और गाड़ी बेचने का काम करते हैं। राशिद ने दोनों भाइयों से संपर्क कर कहा कि वह लोन पर एक क्रेटा कार, एक ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल लेना चाहता है। आरोपियों ने कहा कि उनके पास इस समय कोई वाहन उपलब्ध नहीं है, लेकिन यदि राशिद अपने दस्तावेज दे तो वे जल्द ही लोन करवाकर वाहन उपलब्ध करा देंगे।
शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपियों ने वाहन फाइनेंस के लिए 13 लाख रुपये की मांग की। इस पर राशिद ने अपना आधार और पैन कार्ड सौंप दिया। आरोप है कि बाद में आरोपियों ने कहा कि उसके दस्तावेजों में तकनीकी समस्या है, इसलिए किसी और के दस्तावेज देने होंगे। इस पर राशिद ने अपने भाई इरफान के आधार और पैन कार्ड के साथ 13 लाख रुपये भी आरोपियों को दे दिए।
पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन बाद आरोपियों ने इरफान को अलवर बुलाकर बड़ौदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक में कुछ कागजातों पर हस्ताक्षर करवाए। कई महीने बीत जाने के बावजूद न तो कोई वाहन मिला और न ही किसी लोन की जानकारी दी गई। हाल ही में राशिद को पता चला कि आरोपियों ने उसके दस्तावेजों से लोन लेकर गुपचुप तरीके से एक क्रेटा कार जेएमवी मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड, अलीपुर, सोहना रोड (गुरुग्राम) से निकलवाकर किसी और को बेच दी। पीड़ित का आरोप है कि जेएमवी मोटर्स के मैनेजर ने बिना सत्यापन के वाहन की डिलीवरी कर दी और कागजात में आरोपियों का मोबाइल नंबर दर्ज है। पुलिस ने दोनों सगे भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।