गुरुग्राम। साइबर ईस्ट थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों की जांच कर 12 लोगों को साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस की छानबीन के दौरान इस बात का खुलासा हुआ है कि इनके खिलाफ ठगी की 4995 शिकायतें दर्ज है। आरोपियों ने 18 करोड़ 13 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया है। इनके कब्जे से 10 मोबाइल व 25 सिमकार्ड बरामद किए गए है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद उनको अदालत में पेश किया, जहां पर उनको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।
एसीपी साइबर क्राइम प्रियांशु दिवान के अनुसार साइबर अपराध पुलिस थानों की टीमों ने निम्नलिखित 12 साइबर ठगों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। 14 मार्च से 21 मार्च के बीच में इनको दबोचा गया है। इनकी पहचान मुस्ताक निवासी गांव खरखड़ी (नूंह), अजमत निवासी गांव खरखड़ी (नूंह), मुकेश सिंह निवासी गांव धारण (रेवाड़ी) व अभिषेक गर्ग निवासी सेक्टर-27 (गुरुग्राम) के रूप में हुई है।
इसके बाद ठगी की वारदातों को अंजाम देने वाली एक महिला सहित कुल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जिनकी पहचान महेंद्र तोमर निवासी जय अंबे सोसाइटी भार्गव रोड कुबेर नगर अहमदाबाद (गुजरात) व मनीषा निवासी रवि अपार्टमेंट प्रताप नगर सांगानेर जयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई थी। बाद में एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिसकी पहचान शराफत निवासी नोगांव,जुरहेरा जिला ढींग (राजस्थान) के रूप में हुई थी। पुलिस थाना साइबर अपराध पश्चिम, गुरुग्राम में बतौर अनुसंधान अधिकारी तैनात उप-निरीक्षक मोहित लोहचब द्वारा आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस आरोपियों के कब्जे से एक लाख 65 हजार रुपया व दस मोबाइल बरामद किया।