गुड़गांव उपायुक्त शेखर विद्यार्थी भी दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की राह पर चल पड़े हैं। उन्होंने अधिकारियों को सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार का खात्मा करने के सख्त आदेश दिए हैं। साथ ही, इसके लिए सीधे उन्हें शिकायत करने की नई व्यवस्था शुरू की है।
लघु सचिवालय में डीसी शेखर विद्यार्थी ने मंगलवार को जिले के सभी अधिकारियों की मीटिंग ली। इस दौरान उन्होंने कई विभागों के लंबित कामों सहित शिकायतों को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई।
मीटिंग के बाद डीसी ने बताया कि सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। आला अधिकारियों तक बात नहीं पहुंचने से दफ्तरों में दलाली और रिश्वतखोरी बढ़ गई है। ऑनलाइन प्रक्रिया के बावजूद अधिकारियों द्वारा कागजी कार्रवाई को जटिल बनाए जाने का लाभ दलाल उठा रहे हैं।
लोगों की इन्हीं परेशानी को दूर करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। सरकारी दफ्तरों में लोग किसी भी काम के लिए पैसे मांगने, काम न करने जैसी शिकायत सीधे उनसे कर सकते हैं। नई व्यवस्था के तहत डीसी दफ्तर में शिकायत पेटिका लगाई जाएगी।
डीसी के अनुसार, विभागों में मिल रही गड़बड़ियों की शिकायत को लेकर भी सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
ये दिए सुझाव
-सरकारी विभागों में काम के लिए खुद प्रार्थी आए।
-किसी भी कार्य के लिए दलालों ने संपर्क न करें।
-अधिकारियों की शिकायत डीसी और सीटीएम से करें।
-प्रशासन की वेबसाइट पर भी सीधी शिकायत दे सकते हैं।