कश्मीरी गेट बस अड्डे पर सिक्योरिटी गार्ड की सूझबूझ से एक यात्री पकड़ा गया। उसके बैग से एक पिस्टल और दो कारतूस मिले हैं। यात्री को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मेरठ के मवाना गांव निवासी शेरखान के रूप में हुई है। बृहस्पतिवार को शेरखान को ओखला जाना था। वह बस अड्डा पहुंचा। उसने अपना बैग स्कैनर पर रखा। इसी दौरान वहां मौजूद एक सिक्योरिटी गार्ड अर्चित कुमार को उसके बैग में पिस्टलनुमा वस्तु दिखी। उसने बैग की तलाशी ली। बैग से एक पिस्टल और दो कारतूस मिले। जिला पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज ने गार्ड की सतर्कता की तारीफ करते हुए उसे पुरस्कृत करने का फैसला किया है।
एयरपोर्ट पर विदेशी नागरिक के बैग में मिले कारतूस
आईजीआई एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ के जवानों ने एक विदेशी नागरिक को कारतूस के साथ पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके बैग से पांच कारतूस मिले। आरोपी को एयरपोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
सीआईएसएफ प्रवक्ता हेमेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर को टर्मिनल-तीन पर सीआईएसएफ के जवान यात्रियों के सामान की जांच कर रहे थे। स्कैनर पर जांच के दौरान एक विदेशी नागरिक के बैग में संदिग्ध वस्तु देखकर तलाशी ली। बैग से पांच कारतूस मिले। यात्री इसका कोई वैध कागजात नहीं दिखा पाया। यात्री की पहचान ब्रिटिश नागरिक अश्वनी त्यागी के रूप में हुई। वह लंदन जाने के लिए एयरपोर्ट आया था। ब्यूरो