जेसीबी मशीन के केबिल काटने से गुल हुई शास्त्रीनगर की सप्लाई 24 घंटे बाद सुचारु हो सकी। जेई ने आईजीएल ठेकेदार के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
शास्त्रीनगर पावर स्टेशन की सप्लाई शुक्रवार शाम पांच बजे गायब हो गई थी। कारपोरेशन अफसर रातभर फाल्ट तलाशने में लगे रहे। शनिवार सुबह राजनगर एक्सटेंशन में पावर स्टेशन सप्लाई का 33 केवीए का केबिल कटा मिला।
फाल्ट लोकेटर न होने से रातभर कटे केबिल की जानकारी नहीं हो सकी। केबिल कटने से शासत्रीनगर पावर स्टेशन के साथ ही पुलिस लाइन, चिरंजीव विहार, प्रताप नगर और हापुड़ रोड की सप्लाई ठप रही।
भयंकर गर्मी में बिजली न मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रात में गोविंदपुरम से सप्लाई देने का प्रयास किया, लेकिन इसमें कामयाबी नहीं मिल सकी।
जेई शैलेश कुमार ने बताया कि शनिवार शाम साढ़े चार बजे केबिल जोड़ा गया। इसपर पांच बजे से सप्लाई शुरू की जा सकी। आईजीएल ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को सिहानीगेट कोतवाली में तहरीर दी गई है।