ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्टस कांप्लेक्स का क्रिकेट स्टेडियम सोमवार को अफगानिस्तान का भी होम ग्राउंड बन जाएगा। सोमवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ दीपक अग्रवाल और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी शफीकुल्लाह स्टेन जई के बीच मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) साइन किया जाएगा।
ग्रेनो स्टेडियम में शुक्रवार को अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अधिकारियों के बीच एक बैठक में यह फैसला लिया गया। बताया गया कि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड को ग्रेटर नोएडा का स्टेडियम बेहद पसंद आया है।
एमओयू साइन होने के बाद अफगानिस्तान और जिंबाब्वे के बीच अंडर-19 टीमों और दोनों देशों की प्राथमिक श्रेणी की टीमों के बीच मैच आयोजित किए जा सकेंगे। हालांकि, दोनों देशों के बीच पांच एक दिनी और दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के लिए आईसीसी (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) की मंजूरी के बाद ही मैच हो सकेंगे।
स्टेडियम में पिछले दिनों आईसीसी पर्यवेक्षक जेफ क्रो (न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान) ने दौरा किया था। जिसमें उन्होंने खिलाडिय़ों की सुविधा के लिए कुछ सुविधाएं जोडने की बात कही थी। प्राधिकरण के अधिकारियों ने इनकी लिस्ट बनाकर सोमवार तक पूरी करने की जद्दोजहद में लग गए हैं।