ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सुपरटेक इको विलेज एक सोसाइटी के निवासी पानी नहीं आने पर सड़कों पर विरोध जताते हुए उतर आए। निवासियों ने मेंटीनेंस के खिलाफ नारेबाजी की। निवासियों का आरोप है कि रक्षाबंधन के दिन भी सोसाइटी के कई टावरों में पानी की सप्लाई नहीं हुई। त्योहार के दिन जब घर पर रिश्तेदार आए तब उन्हें पानी के लिए तरसना पड़ा।
निवासियों ने बताया कि करीब 10 टावर में रक्षाबंधन के दिन से पानी की समस्या बनी हुई है, जिसका समाधान रविवार को भी नहीं किया गया। लोगों को बाजार से पानी खरीदना पड़ा। वहीं, आरोप है कि बिल्डर प्रबंधन से शिकायत भी की गई, लेकिन लोगों के लिए पानी के टैंकर भी नहीं मांगे गए, जिससे नाराज होकर लोगों ने प्रदर्शन किया।
निवासियों का आरोप है कि लगातार सोसाइटी में लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। पिछले हफ्ते भी सोसाइटी में दो दिनों तक जलापूर्ति बाधित रही थी, जिसको लोगों के प्रदर्शन करने के बाद तीसरे दिन जाकर ठीक किया गया था। वहीं, अब सात दिनों बाद फिर से पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है। मेंटेनेंस एजेंसी से लगातार शिकायत की जा रही है, लेकिन कोई भी समाधान करने के लिए तैयार नहीं है।
निवासी संजय शर्मा ने बताया कि आईआरपी द्वारा रखी गई मेंटेनेंस एजेंसी ठीक से काम नहीं कर रही है। सोसाइटी का रखरखाव न होने के कारण लोगों को विभिन्न समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। वहीं शशिभूषण ने बताया कि लाखों रुपये देकर फ्लैट खरीदे जब यहां कोई सुविधा ही नहीं है तो गांव का जीवन ही अच्छा है।
मेंटीनेंस प्रबंधन हो गया गायब
निवासियों ने बताया कि जब मेंटीनेंस प्रबंधन से शिकायत करने के लिए पहुंचे तो वहां कोई मिला ही नहीं। वीकेंड के दिन के साथ रक्षाबंधन का त्योहार भी था। ऐसे में पानी न आने के कारण लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जब सुबह पानी नहीं आया तो लोगों ने बिल्डर प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन उनके शिकायत सुनने के लिए मेंटीनेंस कार्यालय में कोई मौजूद नहीं था, जिसके बाद लोगों ने मजबूरन बाजार से पानी खरीद और घर में जरूरी कार्य किया। त्योहार के दिन भी बाहर से खाना मंगाया।