कभी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर चाय बेचकर गुजारा करने वाले शिवालक राज ने अब फिल्मी दुनिया में कदम रखा है। ग्रेटर नोएडा के निवासी शिवालक ने एक शॉर्ट हॉरर फिल्म में सिपाही का दमदार किरदार निभाया है। जबकि, फिल्म में लीड रोल तिहाड़ के जेलर दीपक शर्मा निभा रहे हैं। शिवालक राष्ट्रीय स्तर के किक बॉक्सिंग और कराटे खिलाड़ी भी हैं।
मूलरूप से बिहार के रहने वाले शिवालक राज अपने परिवार के साथ ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई वन की गुलमोहर सोसायटी में रहते है। वो कराटे के नेशनल खिलाड़ी है। वर्ष 1998 में दादा की मौत के बाद सौतेली मां से परेशान होकर शिवालक ने छह साल की उम्र में अपना घर छोड़ दिया और भाग कर दिल्ली आ गए।
यहां उनके चाचा रहते थे, लेकिन वो नहीं मिले। जिसके बाद शिवालक ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रहना शुरू कर दिया। वहीं पर चाय बेचना शुरू किया। ताकि, गुजारा हो सके। उसी दौरान पुलिस से झगड़ा हो गया। पुलिस ने पकड़कर एक एनजीओ को सौंप दिया।