मुख्य आरोपी किशन और बुुजुर्ग कृष्ण
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश में बुजुर्ग कृष्ण खोसला को फ्रिज में अगवा करने के मामले में पुलिस ने देर रात दिल्ली और उत्तर प्रदेश में छापामारी कर मुख्य आरोपी किशन व टैंपो चालक प्रदीप शर्मा, दीपक यादव, सर्वेश, प्रभु दयाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में किशन ने खुलासा किया है कि बुजुर्ग की पत्नी को नशीला पदार्थ सूंघाकर घटना को अंजाम दिया गया था। जब वह बेहोश हो गई तो बुजुर्ग की गला दबाकर हत्या की गई। इसके बाद पुलिस से बचने के लिए फ्रिज में शव को डाला और संगम विहार ले गए।
वहां कुछ दिन पूर्व किशन ने एक मकान किराए पर लिया था। उसके आंगन में शव गाड़ दिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने देर रात शव बरामद करने का प्रयास कर रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की छानबीन चल रही है। उधर, घटना में और भी आरोपी होने की संभावना है, जिसके लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
फिरौती के लिए तो नहीं किया गया अगवा
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कृष्ण खोसला को फिरौती के लिए तो अगवा नहीं किया था। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने उनकी हत्या कर दी और बाद में उनके शव को ठिकाने लगाने के बाद आरोपी परिवार से फिरौती की रकम वसूलना चाह रहे थे। समाचार लिखे जाने तक पुलिस देर रात तक विभिन्न स्थानों पर छापामारी कर रही थी।