ग्रेटर नोएडा में दोहरा हत्याकांड
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के जुनपद में दोहरे हत्याकांड से सनसनी मच गई है। बताया जा रहा है कि दोनों शव सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र की 130 मीटर रोड किनारे झाड़ियों में मिले हैं।
जानकारी के अनुसार दोनों शवों में गोली लगने के निशान हैं और इनमें से एक शव के हाथ के पास 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ है। यह तमंचा मिलने से पुलिस उलझन में पड़ गई है।
पुलिस आशंका जता रही है कि दोनों ने एक-दूसरे की हत्या की है। लेकिन इस बात की भी पूरी आशंका है कि हत्यारोपियों ने हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए एक शव के हाथ के पास तमंचा रख दिया हो।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अभी ये भी पता नहीं लगा सकी है कि बरामद शव किसके हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।