दिल्ली सरकार ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली की हिंसा के शिकार बने इंटेलीजेंस ब्यूरो के स्टाफर अंकित शर्मा के परिजनों को एक करोड़ रुपये देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनके परिवार के एक सदस्य को दिल्ली सरकार नौकरी भी देगी।
उल्लेखनीय है कि अंकित शर्मा का शव हिंसा वाले क्षेत्र चांद बाग में 26 फरवरी को एक नाले में मिला था। वह मंगलवार से लापता थे। शव नाले में फेंके जाने से चाकुओं से बुरी तरह गोदा गया था। अंकित शर्मा के परिजनों को भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने भी एक माह का वेतन देने की घोषणा की है।
हिंसा पीड़ितों से मिले मंत्री राजेंद्र पाल गौतम
दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने सोमवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक सरिता सिंह और कई अधिकारियों के साथ वे भागीरथी विहार, चमन पार्क, शिव विहार पुलिया, ब्रिज पुरी पुलिया और शिव विहार तिराहे पर दौरा करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार जनता के साथ है और हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। गौतम ने राहत कार्यों का जायजा भी लिया।