ऑल इंडिया पैरेंट्स एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से मांग की है कि सरकार केंद्रीय विद्यालयों की तर्ज पर सरकारी स्कूलों को संचालित करे। इससे निजी स्कूलों की ओर से शिक्षा के व्यवसायीकरण पर लगाम कसी जा सकेगी। एसोसिएशन इसके लिए सरकार को सुझाव भी देगा।
इस योजना पर विचार-विमर्श और एक ड्राफ्ट तैयार करने के लिए ऑल इंडिया पैरेंट्स एसोसिएशन 19-20 मार्च को दिल्ली में एक सेमिनार का आयोजन करने जा रहा है। इसमें सभी राज्यों से शिक्षाविदों, अभिभावक संगठनों और छात्रों को आमंत्रित किया गया है।
एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओपी शर्मा और सचिव कैलाश शर्मा ने बताया कि सरकार से मांग की जाएगी कि नई शिक्षा नीति में सरकारी विद्यालयों को केंद्रीय विद्यालयों की तर्ज पर संचालित करने और निजी स्कूलों पर लगाम कसने की योजना भी शामिल की जाए।
दिल्ली में होने वाले सेमिनार में एसोसिएशन सरकार को इन बिंदुओं को लागू करने के लिए एक ड्राफ्ट सौंपेगा। विभिन्न राज्यों से आने वाले शिक्षाविद, अभिभावक मंच के प्रतिनिधि और छात्र-छात्राएं इस ड्राफ्ट के लिए विचार रखेंगे।
एसोसिएशन ने सेमिनार की रूपरेखा व प्रबंध व्यवस्था तय करने के लिये शनिवार को सेक्टर-10 स्थित मानव भवन में एक बैठक भी बुलाई है। इसकी अध्यक्षता ऑल इंडिया पेरेंट्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल करेंगे। बैठक में हरियाणा अभिभावक एकता मंच की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ फरीदाबाद, करनाल, गुड़गांव जिला कमेटी के पदाधिकारी भी हिस्सा लेंगे।