बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित गोपाला पेंट फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लग गई। एक के बाद एक कई केमिकल ड्रम फटने से आसपास की फैक्ट्रियों के कर्मचारियों में भगदड़ मच गई।
सूचना पर आनन-फानन पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आसपास की फैक्ट्रियों को खाली कराकर छह घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई। इस दौरान एक फायरमैन झुलस गया।
आग का कारण नए विद्युत मीटर में शार्ट सर्किट माना जा रहा है। इस दौरान 40 से ज्यादा फायर टेंडर की मदद ली गई। नगर कोतवाली के अलावा, वैशाली, साहिबाबाद, मोदीनगर और नोएडा से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मंगाई गईं।
एफएसओ अरुण कुमार ने बताया कि नेहरूनगर निवासी अजय महेंद्रु की गोपाल कलर्स के नाम से फैक्ट्री है। यहां से दिल्ली-एनसीआर और कई प्रदेशों में माल सप्लाई होता है। दोपहर 2:16 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली।
आग का भयंकर रूप देखकर कर आसपास के क्षेत्रों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मंगाई गईं। आग बुझाने में करीब 40 फायर टेंडरों की मदद ली गई।
फैक्ट्री कर्मियों और एफएसओ ने बताया कि हाल ही में नया विद्युत मीटर लगाया गया था, जिसमें शार्ट सर्किट से लगी आग ने पास में रखे केमिकल को चपेट में ले लिया।
फॉम टेंडर और आसपास पानी का इंतजाम न होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बाद में पानी के टेंडरों में ही फॉम डालकर आग बुझाई गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि केमिकल से भरे ड्रम बम की तरह फट रहे थे। धुएं के गुबार देखकर आसपास के फैक्ट्री मालिकों में अफरा-तफरी मची हुई थी।
फटा ड्रम, फायरमैन ने कूदकर बचाई जान
आग बुझा रहे फायरमैन सतेंद्र कुमार बाल-बाल बच गए। अचानक केमिकल का ड्रम फटा तो वह छत से कूदकर भागे। इस दौरान सतेंद्र आंशिक रूप से झुलस गए।
परिवार परेशान
आग से लाखों के नुकसान का अनुमान है। आग की सूचना पर फैक्ट्री मालिक के परिजन भी वहां पहुंच गए। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग इकट्ठे थे।
कब मिलेगा फॉम टेंडर
केमिकल की आग कभी भी तबाही ढा सकती है। यहां सैकड़ों की संख्या में कैमिकल बनाने वाली फैक्ट्रियां हैं। बावजूद इसके खस्ताहाल अग्निरोधक इंतजामों के सहारे ऐसे हादसों से निबटा जा रहा है।
फायर ब्रिगेड को केमिकल की आग की रोकथाम को फॉम टेंडर प्राप्त करने के लिए लंबी कवायद करनी पड़ रही है। लेकिन नतीजा सिफर ही रहा है।
टेंट के गोदाम में लगी आग, नौ घर चपेट में आए
खोड़ा के न्यू अजंता पार्क में शुक्रवार दोपहर को टेंट गोदाम में आग लग गई। दुकान में रखी बल्लियों से बिजली के तारों में आग लग गई, जिसने आसपास नौ घरों को चपेट में ले लिया।
घरों में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि समय रहते फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच गई और आग पर काबू पाया वरना सभी घरों को आग पूरी तरह चपेट में ले लेती।
न्यू अजंता पार्क में जगतपुरी दिल्ली निवासी सत्ते का टेंट का गोदाम है। गोदाम की मात्र चारदीवारी है। गोदाम के बाहर ही बांस की बल्लियां रखी हुई थी।
दोपहर में किसी व्यक्ति ने गोदाम में जलती हुई बीड़ी फेंक दी, जिसकी वजह से गोदाम में रखे समान में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की बाहर रखी बल्लियों को अपनी चपेट में ले लिया।
लोग अपने घरों से बाहर निकलकर आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे। बल्लियों की वजह से बिजली के तारों और घरों की फिटिंग में भी आग लग गई।
नाथू राम, शकील, आरसी मिश्रा, अनिल कुमार, लक्ष्मीकांत, रविंद्र, अरविंद, रामलाल आदि के घरों के मीटर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। सूचना पर मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।