दो दिन पहले कांग्रेस सरकार से नाता तोड़ने वाले पूर्व गृहमंत्री गोपाल कांडा की नवगठित हरियाणा लोकहित पार्टी (एचएलपी) शुक्रवार को प्रदेश के राजनीतिक दलों की सूची में शामिल हो जाएगी।
प्रदेश की दो बड़ी पार्टियों इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) को छोड़कर इनमें से अधिकांश का वजूद बेहद संकुचित है। ऐसे में कांडा के सामने पहली चुनौती अपनी पार्टी को प्रभावकारी बनाने की होगी।
एयरहोस्टेस गीतिका के सुसाइड मामले में फंसे कांडा कुछ दिन पहले जेल से बाहर आए हैं।
कांडा के सामने बड़ा चैलेंज
सूबे में 20 से अधिक क्षेत्रीय दल हैं। इनमें से अधिकांश केवल लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों के दिनों में सक्रिय दिखते हैं। ऐसे ही एक दल ने इस आम चुनाव में इनेलो को समर्थन देने का ऐलान किया था।
चुनाव में निर्वाचन कार्यालय इनेलो एवं हजकां को छोड़कर हरियाणा के बाकी दलों के प्रत्याशियों से निर्दलीय का सा व्यवहार करता है। ऐसे में गोपाल कांडा को अपनी पार्टी का अधिक दम दिखाना होगा, ताकि इसे इनेलो एवं हजकां की पंक्ति में खड़ा किया जा सके।
चुनावी महासमर में कांडा का यह कदम उनके विरोधियों के लिए एक बड़ा चैलेंज भी बनने वाला है।
खलबली मचाने की तैयारी
हरियाणा लोकहित पार्टी की लांचिंग पर गोपाल कांडा प्रदेश की सियासत में खलबली मचाने की तैयारी में हैं। संकेत है कि इस मौके पर दूसरे दलों के कई जाने-पहचाने चेहरे उनके साथ मंच साझा कर सकते हैं।
कांडा की कांग्रेस, इनेलो एवं हजकां में खासी पैठ मानी जाती है, इसे इस नजरिए से भी देखा जा रहा है। हालांकि इसको लेकर गोपाल कांडा की ओर से गोपनीयता बरती जा रही है।
पार्टी दफ्तर एमडीएलआर एयर लाइंस कंपनी के ऑफिस को बनाया गया है। इसके भवन के आगे और पीछे के हिस्से में भव्य तैयारियां चल रही हैं। पार्टी की जानकारी देने के लिए एक पीआर कंपनी हायर की गई है।
कौन है गोपाल कांडा
नाम: गोपाल कुमार गोयल
जन्म एवं स्थान: 29 दिसंबर 1965, सिरसा
पिता और उनका पेशा: मुरलीधर, सिरसा में वकील
पहले की आर्थिक स्थिति: सिरसा में दो कमरे का मकान, जिसमें एक दुकान हुआ करती थी
पहला कारोबार: बिजली के सामान का
बाद में कारोबार: उद्योग, प्रॉपर्टी, कार एवं एयरलाइंस
5 अगस्त, 2012: एमडीएलआर में काम करने वाली गीतिका शर्मा की खुदकुशी के बाद इनके खराब दिन की शुरुआत हुई। दबाव के कारण उन्हें मंत्री पद छोड़नी पड़ा और जेल जाना पड़ा और 04 मार्च, 2014 को जमानत मिलने पर बाहर आए।